फरीदाबाद। साइबर थाना पुलिस ने देशभर में 262 साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले गैंग के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मुजफ्फर नगर (यूपी) निवासी विकास, त्रिलोकपुर दिल्ली निवासी धर्मेंद्र और गुरुग्राम निवासी सचिन, मनीष तथा बिल्लू के रूप में हुई है।
साइबर थाना प्रभारी बसंत कुमार ने बताया कि आरोपी धर्मेंद्र तथा विकास गैंग के सरगना हैं। आरोपियों ने आदर्श नगर निवासी सत्य प्रकाश से साइबर धोखाधड़ी के जरिये 215949 हड़प लिए थे। 26 दिसंबर 2021 को पुलिस ने मामला दर्ज किया था। पुलिस की टीम ने सचिन, मनीष व बिल्लू को 20 अप्रैल को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया था। पूरी जानकारी के बाद पुलिस ने अब मामले का खुलासा किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर धर्मेंद्र व विकास भी पकड़े गए।
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी धर्मेंद्र इंश्योरेंस कंपनी के कॉल सेंटर में नौकरी करता था। उसके पास विभिन्न इंश्योरेंस कंपनियों के ग्राहकों की जानकारी थी। धर्मेंद्र कंपनी से जानकारी चुराकर लाता और विकास के साथ पॉलिसी धारकों से संपर्क करता। आरोपी लैप्स पॉलिसी पर लोन दिलवाने का लालच देकर लोगों को निशाना बनाते थे। जब धारक लोन के लिए राजी हो जाता तो बैंक में नया खाता खुलवाने के लिए कहते। खाता खुलवाने के लिए पॉलिसी धारक का आधार, पैन कार्ड तथा अन्य जरूरी कागजात मंगवा लेते थे।
बैंक में ऑनलाइन खाता खुलवाते थे
आरोपी पॉलिसी होल्डर के कागजात के आधार पर बैंक में ऑनलाइन खाता खुलवाकर उसकी नेट बैंकिंग सर्विस एक्टिवेट करवा लेते थे। ग्राहक को झांसे में लेकर ओटीपी की सहायता से नेट बैंकिंग का आईडी पासवर्ड तैयार कर अपने पास रख लेते थे। आरोपी ग्राहक से कहते कि लोन का कुछ हिस्सा पहले अपने खाते में जमा करना होगा। उसके बाद उनके खाते में लोन की रकम डाल दी जाएगी। लोन की राशि को पाने के लालच में ग्राहक आरोपियों द्वारा खुलवाए गए ग्राहक के अकाउंट में डलवा देते थे। जैसे ही रकम ग्राहक के खाते में आ जाती थी नेट बैंकिंग की सहायता से आरोपी पैसे सचिन के एचडीएफसी बैंक खाते में ट्रांसफर कर लेते थे। साइबर थाना की टीम ने इस मामले में आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल तथा 117500 रुपये बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने देश में 262 साइबर क्राइम की वारदात को अंजाम दिया है। इसमें उत्तर प्रदेश के 91 तथा दिल्ली के 30 मामले शामिल है। आरोपियों से पूछताछ के बाद अब पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया है।