फरीदाबाद। मॉडल संस्कृति स्कूलों में दाखिला आवेदन की प्रक्रिया पांच अप्रैल से शुरू होगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इसकी सूचना जारी कर दी है। इसमें राज्य के मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालयों में दाखिले शुरू किए जाएंगे।
इच्छुक अभिभावक 25 अप्रैल तक अपने बच्चों का दाखिला फॉर्म जमा कर सकेंगे। जमा किए गए फॉर्म के आधार पर 26 अप्रैल तक ड्रॉ निकाला जाएगा। इन छात्रों एक मई को दाखिले दिए जाएंगे। यदि रिक्त सीटें रहेंगी तो दाखिले का दूसरा चरण शुरूकिया जाएगा। शेड्यूल के मुताबिक पहली से पांचवीं कक्षा तक प्रत्येक सेक्शन में अधिकतम 30 छात्रों के दाखिले होंगे। छठी से आठवीं तक अधिकतम 35 और नौवीं से बारहवीं में 40 छात्र होंगे। पहली, छठी, नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा में केवल अंग्रेजी माध्यम में ही नए दाखिले होंगे। वहीं बाकी अन्य कक्षाओं में सीटें खाली होने पर प्रवेश दिया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज में कमी के आधार पर किसी बच्चे का दाखिला नहीं रोका जाएगा। अस्थायी दाखिला देकर दस्तावेज पूरा करने के लिए 30 दिन का समय दिया जाएगा।
आर्थिक रूप से पिछड़ों को 20 फीसदी आरक्षण
वार्षिक 1.80 लाख रुपये की आय वाले परिवार के बच्चों को इन स्कूलों में दाखिले का 20 फीसदी आरक्षण मिलेगा। वहीं, ढाई लाख तक की आमदनी वाले परिवार के बच्चों को 10 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत एससी-बीसी-ए, बी व दिव्यांग बच्चों के लिए 25 फीसदी सीटें आरक्षित की गई हैं। पहली से पांचवीं की दाखिला फीस 500 और छठी से 12वीं की एक हजार रुपये रखी गई है।
सरकार की ओर से मॉडल स्कूल विकसित किए गए हैं। यह सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हैं। स्कूल में दाखिले को पांच अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
- रितु चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी