-आईटीसी ग्रैंड भारत होटल में डीजे बजाने को लेकर हुआ था विवाद
-आरोपी पक्ष ने पुलिस पर झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र में स्थित आईटीसी ग्रैंड भारत होटल में डीजे बजाने को लेकर विवाद में आरोपी पक्ष ने पुलिस पर झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया है। इस संदर्भ में पुलिस के खिलाफ अदालत में इस्तगासा दायर किया गया है। अदालत में गांव कोटा खड़ेवला निवासी सरजीत ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ इस्तगासा दायर किया है।
अधिवक्ता यूनुस गोयल ने बताया कि शिकायतकर्ता का घर होटल के सामने स्थित है। होटल में देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे बजाया जाता है, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और पशुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। एक फरवरी को इस संबंध में थाना मोहम्मदपुर अहीर में शिकायत दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस्तगासे के अनुसार 21 फरवरी की रात को दोबारा तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इस पर शिकायतकर्ता के भतीजे ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस सहायता मांगी। आरोप है कि पुलिस टीम ने उन्हें होटल गेट पर बुलाया, जहां थाना प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, मारपीट की और उन्हें पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गए।
थाने में भी मारपीट कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। शिकायतकर्ता और उनके भतीजे को पूरी रात हिरासत में रखा गया और अगले दिन पुलिस बेल पर छोड़ा गया। साथ ही थाना प्रभारी पर यह आरोप भी लगाया गया कि उन्होंने शिकायतकर्ता के पुत्र की लंबित पुलिस वेरिफिकेशन रिपोर्ट को लेकर नकारात्मक रिपोर्ट भेजने की धमकी दी, शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने एसपी,आईजी रेवाड़ी रेंज और डीजीपी हरियाणा को भी शिकायत भेजी है। इस्तगासे में भारतीय न्याय संहिता धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं मोहम्मदपुर अहीर थाना प्रभारी वीरेन्द्र का कहना है कि आरोप निराधार हैं।