फरीदाबाद मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी करीब 10 करोड़ से करेगी शहर का सौंदर्यीकरण
मोहित शुक्ला
फरीदाबाद। शहर को और अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए फरीदाबाद मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एफएमडीए) ने एक नई योजना की कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के अंतर्गत शहर की विभिन्न सड़कों के डिवाइडरों और रोड साइड ग्रीन बेल्ट पर गैल्वेनाइज्ड पाउडर कोटेड वेल्ड मेश फेंसिंग लगाई जाएगी। इस कार्य के लिए करीब 10 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई है।
एफएमडीए ने फेंसिंग लगाने के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके अंतर्गत पुरानी टूटी-फूटी फेंसिंग को हटाकर नई फेंसिंग लगाई जाएगी। साथ ही, जहां-जहां फेंसिंग में गैप है, वहां उसे भी भरा जाएगा। यह कार्य एफएमडीए से संबंधित सड़कों पर चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इस परियोजना से शहर में सुंदरता बढ़ने के साथ हरियाली भी बढ़ेगी। वहीं सड़क हादसों पर भी काफी हद तक रोक लगेगी। वहीं सड़कों के किनारे व बीच में हो रहे अतिक्रमण पर भी रोक लग पाएगी। विभाग ने इसके लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अगले माह तक इसका कार्य जमीनी स्तर पर शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
3 फीट होगी फेंसिंग की लंबाई
फरीदाबाद मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्य 0.915 मीटर (03 फीट) ऊंचाई वाली गैल्वेनाइज्ड वेल्ड मेश फेंसिंग से किया जाएगा। इससे डिवाइडर और ग्रीन बेल्ट की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। फेंसिंग लगने से आवारा जानवर व असामाजिक तत्व भी ग्रीन बेल्ट में लगी हरियाली को नुकसान नहीं पहुंचा पाएंगे।
अतिक्रमण करने वालों से होगा बचाव
ग्रीन बेल्ट या डिवाइडर पर अवैध दुकानें, ठेले या अन्य अतिक्रमण की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी। अभी कई स्थानों पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों ने ग्रीन बेल्ट के बीच में डेरा डाल रखा है।
हरियाली की सुरक्षा होगी
आवारा पशुओं द्वारा ग्रीन बेल्ट के पौधों को नुकसान पहुंचाना बंद होगा। वहीं कुछ लोग हरियाली को नुकसान पहुंचाते हुए निकल जाते हैं इसपर भी रोक लगेगी। एक जैसी और साफ फेंसिंग से सड़कों की सुंदरता बढ़ेगी। इससे स्मार्ट सिटी की छवि मजबूत होगी। विभाग के अनुसार जल्द इसपर काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
लंबे समय तक चलने वाली रहेगी फेंसिंग
गैल्वेनाइज्ड वेल्ड मेश फेंसिंग एक मजबूत और टिकाऊ किस्म की फेंसिंग होती है, जिस पर पाउडर कोटिंग की जाती है ताकि वह जंग से सुरक्षित रहे और मौसम के प्रभाव से खराब न हो। यह फेंसिंग न केवल टिकाऊ होती है बल्कि कम रख-रखाव में भी लंबे समय तक चलती है।
फरीदाबाद को सुंदर व हरित बनाने के लिए एफएमडीए लगातार काम कर रहा है। आने वाले समय में इस तरह के कई कार्य किए जाएंगे। - देवेंद्र भड़ाना, एक्सईएन एफएमडीए