क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने आरोपियों को पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने 3 जून को नचौली-खेड़ी रोड पर बाप-बेटे पर जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दीपक (36) और अमित (26) निवासी ढकोला फरीदाबाद के रूप में हुई है। दोनों को 8 जून को गुरुग्राम कैनाल सेक्टर-8 के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि कुछ समय पहले दीपक और शिकायतकर्ता तरुण के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमले की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार जसाना निवासी तरुण ने थाना भूपानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 जून की रात वह अपने पिता के साथ बाइक पर नचौली से खेड़ी गांव जा रहा था। रास्ते में तीन गाड़ियों में सवार आरोपियों ने उनका पीछा किया। आरोप है कि स्कॉर्पियो से उतरे दीपक ने उनपर फायरिंग की, जिससे वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद दीपक और उसके साथियों ने तरुण व उसके पिता पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई। हमलावरों ने तरुण के पिता की जेब से 20 हजार रुपये भी छीन लिए और भाग गए। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी दीपक के खिलाफ पहले भी मारपीट का एक मामला दर्ज है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।