वर्तमान मार्केट रेट पर मुआवजा मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। शामलात भूमि के मुआवजे की मांग को लेकर सोतई गांव में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को 11वें दिन भी शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा। किसानों ने साफ कहा कि जब तक उनकी भूमि का वर्तमान मार्केट रेट के अनुसार मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। धरना स्थल पर आसपास के गांवों से भी किसान समर्थन देने के लिए पहुंचते रहे।
किसानों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि सरकार विधानसभा में शामलात भूमि से संबंधित बिल लाने की तैयारी कर रही है। किसानों का मानना है कि सोतई में चल रहे धरने और किसानों की मुआवजे की मांग को देखते हुए सरकार इस दिशा में कदम उठा रही है। किसानों ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित बिल से उनकी समस्या का समाधान जल्द होगा और उन्हें उचित मुआवजा मिल सकेगा।
धरना स्थल पर अध्यक्ष ठाकुर धर्मवीर फौजी, नारायण सिंह, दिनेश रावत, नरेंद्र, सतपाल मास्टर, गजेंद्र, श्रीपाल, रॉकी, कैलाश, झम्मन, महेंद्र, प्रेमचंद, बीरम, दयोली, कृष्ण भाटी और हरिचंद सहित महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।