फाइनल में विपक्षी को दी करारी शिकस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय लॉन टेनिस चैंपियनशिप में फरीदाबाद की अदिति रावत ने इतिहास रच दिया है। अदिति ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की, बल्कि 2.50 लाख रुपये की प्राइज मनी भी हासिल की।
पूरे टूर्नामेंट में अदिति का दबदबा इस कदर रहा कि वे अपने सभी पांचों मुकाबलों में अविजित रहीं। अदिति ने प्रतियोगिता के पहले दौर से ही आक्रामक शुरुआत की। पहले राउंड में उन्होंने देवांशी को एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-1 से धूल चटाई। इसके बाद दूसरे दौर में इहा जोशी को 6-1 और 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में भी उनकी जीत का रथ नहीं रुका और उन्होंने सिया कपूर को आसानी से 6-2, 6-2 से मात दी। सेमीफाइनल में अदिति का सामना आकांक्षा घोष से हुआ, जहां उन्होंने 6-3, 6-0 से एकतरफा जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया। खिताबी मुकाबले में तो अदिति ने विपक्षी खिलाड़ी गारुगुपति वेनिला रेड्डी को संभलने का मौका ही नहीं दिया। उन्होंने फाइनल मुकाबला 6-0, 6-0 से जीतकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया। अदिति की इस सफलता पर उनके कोच संजय सिंहमार और भरत भारद्वाज और खेल प्रेमियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है।