नेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में लेंगी हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले की महज 11 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सौम्या भारद्वाज अपनी प्रतियोगिता के लिए तैयार हैं। सौम्या अब 17 जून से इंदौर में शुरू हो रही नेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए तैयारियां कर रही हैं। जहां पर वह विभिन्न मुकाबलों में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सौम्या की मां ने बताया की प्रतियोगिता शुरू होने से दो दिन पहले 15 जून को इंदौर के लिए पूरी हरियाणा की टीम के साथ रवाना हो जाएंगी। बतादें कि सौम्या ने मई की शुरुआत में जिले के जेसी बोस विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चार पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तरीय चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया था। इनमें तीन स्वर्ण पदक उनके नाम रहे थे। अब दोबारा से जिले वासियों को उनसे वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद राष्ट्रीय स्तर पर भी रहेगी। सौम्या ने बताया कि उनका इरादा राज्य स्तर की तरह ही राष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतने का होगा।