फरीदाबाद उपायुक्त जितेंद्र यादव ने कहा कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। समारोह में जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी उपस्थिति अवश्य दर्ज करवानी है। जो भी अधिकारी या कर्मचारी अनुपस्थित रहेगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। सभी विभागों के अधिकारी आपस में तालमेल बनाकर राष्ट्रीय पर्व धूमधाम से मनाने के लिए पूरी तैयारियां सुनिश्चित करें।
स्थानीय लघु सचिवालय में बृहस्पतिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम सेक्टर-12 स्टेडियम में मनाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना भी सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने एक-एक करके विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी। रिहर्सल के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग और साफ-सफाई की व्यवस्था एमसीएफ द्वारा की जाएगी।
पार्किंग, वेलकम गेट, परेड की सलामी, मार्च पास्ट के लिए पुलिस विभाग और इसके लिए रिहर्सल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी व डीआईपीआरओ को जिम्मेदारियां सौंपी गई। वीरांगनाओं तथा स्वतंत्रता सेनानियों के लिए जिला रेडक्रॉस और जिला सैनिक बोर्ड तालमेल बनाकर कार्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें।
एडीसी ने कहा कि 11 व 12 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और परेड की सलामी तथा मार्च पास्ट की रिहर्सल की जाएंगी। 13 अगस्त को फुलड्रेस रिहर्सल होगा। नौ अगस्त से पुलिस लाइन में मार्च पास्ट में परेड और स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए रिहर्सल शुरू होंगे। बैठक में एसडीएम परमजीत चहल, डीसीपी अंशुल सिंगला, डीडीपीओ विकास मोर, डीईओ ऋतु चौधरी व डीआरओ विजय यादव सहित तमाम विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।