धोखाधड़ी मामले में आरोपी को पकड़कर अपने साथ लेकर जा रही पलवल की सीआईए टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से हमला कर पथराव किया। इस दौरान एक व्यक्ति तमंचा दिखाकर सीआईए के चुंगल से आरोपी को छुड़वाकर ले गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाना छायंसा पुलिस ने पांच नामजद समेत दस खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना छायंसा क्षेत्र के गांव जवां निवासी लीलू के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में पलवल में मामला दर्ज है। आरोपी को पकड़ने के लिए 22 दिसंबर को सीआईए से हेडकांस्टेबल सुदेश, हेड कांस्टेबल अजीत, ईएचसी कर्मबीर एवं रविंद्र और सिपाही प्रमोद फरीदाबाद पहुंचे।
तकरीबन शाम चार बजे टीम आरोपी लीलू के गांव जवां पहुंची। टीम ने आरोपी लीलू को उसके मकान से थोड़ी दूरी पर खेतों में तीन-चार लड़कों के साथ बैठा देखा। पुलिस को अपनी तरफ आते देखकर आरोपी अपने साथियों के साथ भागने लगे लेकिन उसको पकड़ लिया। पूछताछ करने के बाद टीम आरोपी को लेकर चलने लगी।
कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा लीलू का भाई, किया सीआईए पर हमला
उसी समय लीलू का भाई संजू मौके पर कुल्हाड़ी लेकर पहुंच गया। उसके पीछे-पीछे आरोपी की मां प्रहलादी, सपना, भोला उर्फ कृष्ण समेत चार-पांच ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और सीआईए टीम पर हमला बोल दिया। इसी दौरान पुलिस को तमंचा दिखाते हुए भोला लीलू को छुड़वाकर भाग गया।
आरोप है कि जाते हुए उन लोगों ने धमकी भी दी कि अगर दोबारा पकड़ने के लिए आए तो जान से मार देंगे। सीआईए की टीम पर हमले की सूचना मिलते ही छायंसा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। आरोपियों की तलाश की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।