मंत्रियों ने पथवारी मंदिर में टेका माथा, बृज के कलाकारों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आस्था और संस्कृति का प्रतीक पथवारी माता का पंखा मेला शनिवार को बैंडबाजों के साथ शुरू हुआ। पंखा मेला तीन दिन चलेगा। करीब 50 साल से लोगों की आस्था का केंद्र बने पथवारी मंदिर में देवी मां को लोगों ने श्रद्धा पूर्वक हाथ से बनाए गए पंखे चढ़ाए। मेले में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर और खेल मंत्री गौरव गौतम पहुंचे । उन्होंने पथवारी मंदिर में माथा टेका और पंखा मेले की विधिवत शुरुआत की।
मेला कमेटी के चेयरमैन शिव शंकर भारद्वाज और पंकज सिंगला ने बताया कि दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद आदि शहरों के मशहूर बैंड बाजों के साथ पंखा मेले की झांकियां निकाली गईं। बैंड बाजे झांकियों के आगे चल रहे थे। घोड़ों पर पालकी में पथवारी माता के पंखे की सवारी निकली। इसमें विभिन्न समुदायों की करीब दो दर्जन झांकियां शामिल की गईं।
झांकियां पथवारी मंदिर से शुरू होकर ओल्ड फरीदाबाद की मार्केट होते हुए शेख वाड़ा मोहल्ले से निकलकर नई सब्जी मंडी से होते हुए वापस पथवारी मंदिर पहुंचीं। बृज के लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। झांकियों में बड़े वाले हनुमान , श्रीकृष्ण का विराट रूप, मां शेरावाली, महात्मा बुद्ध, लक्ष्मी माता, गणेश , शिवपार्वती, विष्णु अवतार, गोपियों संग नृत्य करते कृष्ण की झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं रहीं। लोगों ने श्रद्धाभाव से झांकियों को नमन किया। वहीं मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात थी।
हर बार की तरह इस बार भी मेला पथवारी मंदिर वाली देवी मां की पूजा के साथ शुरू हो रहा है। मेले में संस्कृति और कला का अनोखा संगम देखने को मिलता है। मैं हर बार मेले की झांसी में भाग लेने के लिए आता हूं। - यश सैनी
बारिश भी हम लोगों का उत्साह कम नहीं कर सकती। इस बार मेले को लेकर पहले से भी ज्यादा उत्साह है। मेले में सभी भगवानों की झांकी निकाली जा रहीं हैं। झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रहीं हैं। - सुनील कुमार