नन्हे मेहमानों के आगमन पर खुशी से झूम उठे परिवार
फरीदाबाद (मूर्ति दलाल)। नए साल पर शुक्रवार को कई परिवारों में नन्हे मेहमान की किलकारियां गूंजीं, उनके परिवार खुशी से झूम उठे। घरों में उत्सव का माहौल रहा। पूर्व नियोजित डिलीवरी की बात करें तो जिले में नए साल की खुशियों को दोगुना करने के लिए 24 महिलाओं ने अपने बच्चों को जन्म देने के लिए एक जनवरी की तारीख चुनी। क्यूआरजी हेल्थ सिटी में 4 बच्चों की किलकारियां गूंजीं। एशियन अस्पताल में 5 बच्चों का जन्म हुआ। यह सभी डिलीवरी माता-पिता ने प्लान की हुई थीं। सिविल अस्पताल में कुल 15 डिलीवरी हुईं। यह सभी अभिभावक नए साल पर नई उम्मीदों के साथ नन्हे मेहमानों के स्वागत के लिए तैयार दिखे। इन लोगों में उत्साह काफी ज्यादा था।
क्यूआरजी हेल्थ सिटी अस्पताल के ऑब्सटेट्रिक्स गायनोकॉलोजी विभाग की निदेशक डॉ. निशा कपूर ने बताया कि उनके यहां दो महिलाओं ने बेटों और दो ने बेटियों को जन्म दिया है। तीन महिलाओं का सामान्य प्रसव और एक की सीजेरियन डिलीवरी हुई है। सभी परिवारों में खुशियों का माहौल है। वहीं एशियन अस्पताल में तीन बेटियों और दो बेटे का जन्म हुआ। 5 में से 3 डिलीवरी डॉ. अनीता कांत ने कराईं। शेष दो डिलीवरी डॉ. पूजा ठुकराल और डॉ. श्वेता मेंहदीरत्ता की मदद से कराई गईं।
पिता बने राहुल बोले, 20 से 21 ही रहा नया साल
एशियन अस्पताल में भर्ती राहुल की पत्नी अर्पिता ने बेटे को जन्म दिया। राहुल ने बताया कि यह उनका पहला बच्चा है। पत्नी अर्पिता बेटे के जन्म के बाद से बेहद खुश है। डॉक्टर ने सर्जरी के जरिए बच्चे के जन्म की बात कही थी। तय तारीख भी जनवरी के पहले दिन की ही रही। उन्होंने कहा कि नए साल की शुरुआत 2020 के मुकाबले काफी बेहतर हुई है।
बीके सिविल अस्पताल में जन्मे 15 बच्चे
नए साल पर बीके सिविल अस्पताल में कुल 15 बच्चों का जन्म हुआ। इसमें से 11 लड़के और चार लड़कियां हैं। सभी दंपती खुश थे कि नया साल 2020 की कड़वीं यादों से ऊपर उठने में मदद करेगा।