तिगांव विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक ललित नागर ने कहा कि भाजपा की प्रगति रैली में लोगों को झूठी घोषणाओं की सौगात मिली। क्षेत्र में पार्टी का शो फ्लॉप रहा। नागर गांव अगवानपुर में शनिवार को आयोजित एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रगति रैली को पूरी तरह से फ्लॉप शो करार देते हुए इस रैली को दुर्गंति रैली करार दिया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को रैली के माध्यम से बहुत आशाएं थी कि मुख्यमंत्री क्षेत्र को कोई बड़ी सौगात देकर जाएंगे, लेकिन लोगों को सिवाए निराशा और झूठी घोषणाओं के अलावा कुछ भी हासिल नहीं हुआ।
नागर ने कहा कि क्षेत्र में जितनी भी रैलियां हुई है, वह क्षेत्र के सबसे बड़े गांव तिगांव में आयोजित होती रही है। परंतु गांवों में भाजपा द्वारा अपने जनाधार को खिसकते हुआ देख रैली आयोजकों ने इस रैलीस्थल को गांव से बाहर किया था।
उन्होंने कहा कि तिगांव क्षेत्र की चौरासी पाल की सबसे बड़ी मांग तिगांव में सीवरेज व्यवस्था को पूरी करने, 200 बेड का सरकारी अस्पताल, महिला विश्वविद्यालय, पल्ला से बसंतपुर तक बसी कॉलोनियों में विकास करवाने, फरीदाबाद से ग्रेफ व तिगांव तक मेट्रो रेल की परियोजना जैसी कई अह्म मांगों को रैली में दरकिनार किया गया।