फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रभाव के बीच शहर में इलाज के लिए पहुंचे विदेशी नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ा दी है। सरकार की ओर से विदेशी नागरिकों के स्थानीय पते की जो लिस्ट स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुई वह फर्जी साबित हुई है क्योंकि उन पतों पर उस नाम का कोई व्यक्ति रहता ही नहीं है, या किसी ने अपने घर बदल लिए हैं। इससे जहां ओमिक्रॉन के प्रसार को जहां खतरा बढ़ गया है वहीं विभाग ने इन लोगों की खोज के लिए पुलिस की मदद मांगी है। जिससे इन्हें ट्रेस किया जा सके।
ओमिक्रॉन वैरिएंट के चलते देश भर में विदेश से लौटने वाले लोगों का सिलसिला लगातार जारी है। जिसे अब तक 17 सौ से ज्यादा लोग विदेश से वापिस आए। इनमें अमेरिका, यूरोप, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, बगदाद, यूक्रेन, पाकिस्तान, ईरान आदि देशों से आने वाले लोगों की संख्या भी काफी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में बांग्ला देश, ईरान, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान से काफी संख्या में लोग एशियन, मेट्रो, सर्वोदय, एस्कोर्ट फोर्टिस और क्यूआरजी हेल्थ सिटी अस्पतालों में इलाज के लिए आते हैं। इलाज के दौरान एक से डेढ़ माह तक यहीं रुकते हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन लोगों के स्थानीय पते पर जांच के लिए पहुंची तो पता चला कि उस नाम का व्यक्ति वहां रहता नहीं है। कई लोगों के पते ठीक थे, लेकिन नाम अलग थे। इस कारण विदेशी नागरिकों को ट्रेस करना स्वास्थ्य विभाग के लिए काफी परेशानी भरा साबित हो रहा है। ये लोग दिल्ली एनसीआर में खुलेआम घूम रहे हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
विदेश से लौटने पर सात दिन क्वारंटीन
विदेश से लौटने वाले लोगों की स्वास्थ्य विभाग द्वारा निगरानी रखी जा रही है। पहले उनकी जांच एयरपोर्ट पर होती है और वहां पर रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेज दिया जाता है। उसके बाद संबंधित जिले का स्वास्थ्य विभाग उन्हें अपने सर्विलांस पर लेकर सात दिन तक क्वारंटीन रख रहा है और 8वें दिन उनका टेस्ट किया जाएगा। एयरपोर्ट से विदेश से लौटने वाले लोगों की सूची चंडीगढ़ स्वास्थ्य निदेशालय भेजी जाती है। उसके बाद वहां से संबंधित जिलों के पास सूची भेजी जाती है। मंगलवार तक फरीदाबाद जिला स्वास्थ्य विभाग को 1570 लोगों की सूची मिली थी। वहीं, बुधवार को 201 लोगों की सूची मिली है। इस तरह से अभी तक 1771 लोगों की सूची स्वास्थ्य विभाग को मिल चुकी है, जिनमें से 940 लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस कर लिया है और उन्हें सर्विलांस पर ले लिया है। स्वास्थ्य विभाग बाकी 831 लोगों से संपर्क साधने में लगा हुआ है ताकि उन्हें भी सर्विलांस पर लिया जा सके।
75 विदेशी नागरिक पते पर नहीं मिले
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि विदेश से इलाज के लिए फरीदाबाद पहुंचे करीब 75 लोगों के घर जब स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची तो कुछ के पते गलत थे। कई लोगों के पते ठीक थे तो नाम गलत थे। कई बार नंबर बदलने व फोन न उठाने के कारण लोगों को ट्रेस करने में दिक्कत आती है। हमारी टीमें इस काम में लगी हुई हैं।
कोरोना का एक मरीज मिला
स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को कोरोना का एक नया मरीज मिलने की पुष्टि की है। वहीं, एक मरीजों को संक्रमण मुक्त घोषित किया है। अब जिले में एक्टिव केसों की संख्या 32 रह गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को सेक्टर 89 से नया कोरोना संक्रमित मिला है। अभी तक मिलने वाले कुल संक्रमितों की संख्या 99977 हो गई है, जिसमें से 99228 ठीक हो गए हैं। जिले में अभी तक 717 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि मंगलवार को हमने 3038 नए सैंपल लिए हैं। अभी 2349 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।