फरीदाबाद। कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन का बृहस्पतिवार को अंतिम दिन छात्रों की खासी भीड़ रही। छात्रों ने कॉलेज कमेटी के सदस्यों की सहायता से आवेदन किए। इस दौरान सात सरकारी कॉलेज व तीन निजी महाविद्यालयों में लों में 25 हजार से अधिक छात्रों ने आवेदन किए। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कॉलेजों में दाखिले की दौड़ शुरू होगी।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने 16 अगस्त को कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। दो सितंबर तक आवेदन भरने की अंतिम तिथि निश्चित की थी। बृहस्पतिवार को अंतिम दिन जिले के सभी सात सरकारी व तीन निजी महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया जारी है। अंतिम दिन होने कारण अन्य दिनों के मुकाबले कॉलेजों में छात्रों की भारी भीड़ देखने को मिली। छात्रों ने कॉलेजों में कमेटी के सदस्यों की सहायता से आवेदन किए। अन्य दिनों की तरफ परिवार पहचान पत्र और सर्वर धीमा होने की समस्या बरकरार है। आवेदन के समय छात्रों की हर परेशानी का मौके पर समाधान करने के लिए महाविद्यालयों में हर कोर्स के हिसाब से कमेटी बनाई हुई थी। इसका छात्रों को काफी लाभ मिला।
सेक्टर-16ए पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य एमके गुप्ता ने कहा कि ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया में सपन्न हो गई। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से छात्रों कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया गया है। अब तक करीब साढे़ 13 हजार आवेदन प्राप्त हुए। तिगांव कॉलेज में साढे़ तीन हजार, बल्लभगढ़ व अन्य कॉलेजों में आवेदनों की संख्या अधिक रही। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब छात्रों के करियर संबंधित उलझनों व दाखिले की समस्याओं को दूर करने के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।