वार्ड-45 के निवासी ने नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। ऊंचागांव के वार्ड-45 में रिहायशी क्षेत्र में भैंस बांधने और उनका गोबर व अन्य गंदगी नाली में बहाने से जलभराव की समस्या पैदा होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता विनोद शर्मा के अनुसार उनके घर के पास भजनलाल का एक प्लॉट है, जहां भैंस बांधी जाती हैं। आरोप है कि पशुओं का गोबर और अन्य गंदगी नाली में बहाए जाने के कारण नाली जाम हो गई है। इससे उनके घर के सामने गंदा पानी जमा हो रहा है। लगातार जलभराव के कारण गंदा पानी मकान की नींव तक पहुंचने का खतरा बना हुआ है। इससे मकान की नींव कमजोर होने और भविष्य में मकान को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
शिकायत में बताया कि उनके पिता कई बार भजनलाल को गोबर और अन्य गंदगी नाली में नहीं बहाने के लिए समझा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके चलते परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता ने नगर निगम अधिकारियों से मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच कराने, नाली की सफाई करवाने और गोबर व गंदगी नाली में बहाने पर रोक लगाने की मांग की है। इस मामले में नगर निगम ज्वाइंट कमिश्नर करण का कहना है कि वह जल्द ही कर्मचारियों को भेज कर जांच करवाएंगे।