फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: तीस गज के मकान से हो रही थी लाखों की नशा तस्करी

Fri, 29 Mar 2024 10:57 PM IST
नोएडा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फरीदाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
- पल्ला इलाके में बहन-भाई कर रहे थे अवैध गांजे का व्यापार, एक गिरफ्तार
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला थाना इलाके के रोशन नगर के एक मकान से नारकोटिक्स विभाग की टीम ने लाखों रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है। यहां एक बहन भाई मात्र तीस गज के मकान से नशा तस्करी का व्यापार कर रहे थे। बृहस्पतिवार रात आरोपी बहन-भाई को पकड़ने गई नॉरकोटिक्स विभाग और पल्ला थाना पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया। मौका देखकर महिला फरार हो गई लेकिन उसके भाई को टीम ने दबोच लिया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
बृहस्पतिवार को नॉरकोटिक्स विभाग को सूचना मिली कि रोशन नगर इलाके में एक युवक व युवती नशा तस्करी का काम करते हैं। रिश्ते में दोनों भाई-बहन हैं। एसआई जसबीर सिंह, कीमती लाल, सिपाही रोहित, नंदकिशोर व दीपक कुमार की टीम ने पल्ला थाना पुलिस को साथ लेकर आरोपियों के घर पर दबिश दी। पुलिस को आता देख आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया। आरोपियों के बचाव में उनके रिश्तेदारों ने भीड़ एकत्रित कर ली। किसी तरह मौका देखकर आरोपी महिला सुनीता बाई फरार हो गई। पुलिस ने सुनीता के भाई अनिल कुमार को गांजे के साथ पकड़ लिया। आरोपी अनिल मूल रूप से मध्य प्रदेश के देवास का रहने वाला है फिलहाल दिल्ली के एकता विहार में रहता है। अनिल ने बताया वह बहन सुनीता बाई के घर से गांजा तस्करी का काम करता था। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर पहुंचे ईटीओ विक्रम सिंह से सामने गांजे का वजन किया गया। आरोपी के पास से 11 किलो 790 ग्राम गांजा बरामद हुआ। देखते ही देखते मौके पर दोबारा से भीड़ जुटना शुरू हो गई। अनिल की पत्नी शालिनी, साली रवीना व सास रजनी ने भीड़ में शामिल होकर पुलिस व नाॅरकोटिक्स विभाग की टीम से झड़प शुरू कर दी। आरोपियों ने घर में घुसकर अनिल को छुड़ाने का प्रयास किया। मामला बढ़ता देख टीम ने गांजे से भरे बोरे को गाड़ी में रखना शुरू कर दिया। ये देख तीनों महिलाओं ने सरकारी गाड़ी पर पथराव कर दिया। गनीमत रही कि टीम के किसी सदस्य को चोट नहीं आई। पथराव में पुलिस की गाड़ी का शीशा चटक गया। पल्ला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

तस्करी से पैसे से बनाई संपत्ति की होगी जांच
पुलिस की टीम आरोपियों की संपत्ति की जांच कर रही है। जिस जगह से आरोपी तस्करी कर रहे थे वह मात्र तीस गज का मकान है। मौके से पुलिस को दो लाख से ज्यादा कीमत का गांजा मिला है ऐसे में आरोपियों के पास अलग-अलग जगह पर संपत्ति होने का अंदेशा है। आरोपी तस्करी की कमाई को कहां निवेश करते हैं, इसकी जांच की जा रही है। थाना पल्ला प्रभारी समर सिंह का कहना है आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। फरार महिला व पुलिस टीम पर हमला करने वालों की तलाश जारी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें