सोसाइटी में पिछले तीन दिन से ठप है पानी की सप्लाई, नहीं हो रही सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर- 81 स्थित बीपीटीपी पार्क सोसाइटी में पेयजल किल्लत से जूझ रहे लोगों ने बृहस्पतिवार को मेंटेनेंस कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सोसाइटी में पिछले तीन दिन से पानी की सप्लाई ठप है। हर रोज लोग मेंटेनेंस कार्यालय में प्रबंधक को शिकायत कर समस्या के समाधान की गुहार लगा रहे हैं लेकिन मेंटेनेंस प्रबंधक कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। हालांकि, प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास करने लगी।
वर्तमान में सेक्टर- 81 सोसाइटी में करीब 1200 परिवार रहते हैं। यहां लोग तीन दिन से पानी के लिए तरस रहे हैं। सोसाइटी के लोगों ने बताया कि बीपीटीपी बोरवेल के माध्यम से टैंक में पानी भरता है। वहां से पानी की सप्लाई सोसाइटियों में की जाती है, लेकिन तीन दिन से इनका एक बोरवेल खराब है। हालांकि, मेंटेनेंस प्रबंधक की ओर से बोरवेल को ठीक करवा दिया गया है। इसके बाद भी सोसाइटी में पानी की सप्लाई ठप है। लोगों का आरोप है कि एक करोड़ रुपये में फ्लैट खरीदा है इसके बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं का काफी अभाव है। यहां रहने वाले लोग हर माह बीपीटीपी को लाखों रुपये मेंटेनेंस चार्ज भर रहे हैं। इसके बाद भी पीने और दैनिक कामकाज के लिए पानी खरीदने को मजबूर हैं। लोगों की मांग है कि सोसाइटी में दो घंटे सुबह और दो घंटे शाम को पानी की सप्लाई की जाए।
लोगों से बातचीत
सोसाइटी में पीछे की तरफ पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। यहां लोग पानी खरीदने को मजबूर हैं। तीन दिन से परेशान लोगों ने आज विरोध प्रदर्शन किया है।
-मुकेश शर्मा, प्रधान- आरडब्ल्यूए
यहां लोगों ने काफी महंगे फ्लैट खरीदे हैं। इसके बाद भी यदि मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलती तो यह गलत है। क्योंकि लोग मेंटेनेंस चार्ज दे रहे हैं।
-संदीप तेवतिया, उपप्रधान- आरडब्ल्यूए।
वर्जन
सोसाइटी में पानी की सप्लाई ठीक है। यहां कोई प्रदर्शन नहीं हुआ है। सब ठीक है बाकी साइट पर चेक करने के बाद ही जानकारी दे पाऊंगा।
- दिलावर, मेंटेनेंस प्रबंधक बीपीटीपी पार्क सोसाइटी।