फरीदाबाद। सेक्टर-16ए स्थित मेट्रो अस्पताल के मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से चल रही खींचतान पर पूर्ण रूप से विराम लग गया है। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं पद्म भूषण, पद्म विभूषण अवार्ड से सम्मानित व मेट्रो अस्पताल समूह के चेयरमैन डॉ. पुरुषोत्तम लाल ने फरीदाबाद मेट्रो अस्पताल को पूर्ण रूप से टेकओवर कर लिया।
मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. लाल ने कहा कि फरीदाबाद स्थित मेट्रो अस्पताल में स्थानीय सहित देश-विदेश से हजारों मरीज इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि हृदय रोग एवं किसी भी रोग से बचाव एवं रोकथाम का एक ही उपाय है कि हम अनुशासित जीवन में रहें, सुबह जल्दी उठे, सैर एवं व्यायाम करें, पौष्टिक भोजन करें और मोटापे को न बढ़ने दें और समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं। कोरोना महामारी के इस दौर में लोगों से मास्क लगाने, सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने और सामाजिक दूरी जैसे नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि मेट्रो कैंसर सेंटर का निर्माण भी शीघ्र पूरा हो जाएगा। इसे विश्व में आधुनिक कैंसर संस्थान के साथ मिलकर चलाया जाएगा।