फरीदाबाद। सैनिक कॉलोनी से बदमाशों ने एक पशु चिकित्सक का अपहरण कर लिया और एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। रकम नहीं मिलने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी। बाद में बदमाश चिकित्सक को लेकर वापस उनके घर पहुंचे और वहां रखे 1.50 लाख रुपये लूटकर चले गए। घटना बृहस्पतिवार रात की है। बदमाशों के डर से शुक्रवार दिनभर डॉक्टर ने इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। शुक्रवार रात को उन्होंने अपने बेटे को फोन कर सारी बात बताई और फिर पुलिस को फोन किया। शनिवार को उन्होंने सैनिक कॉलोनी में अपनी शिकायत दी है।
सैनिक कॉलोनी एच ब्लॉक निवासी डा. विजय चौहान पशु चिकित्सक हैं और पिछले साल ही सारन स्थित पशु चिकित्सालय से सेवानिवृत्त हुए हैं। डा. चौहान के दो बेटे हैं, जोकि पास ही स्थित अचीवर्स सोसायटी में रहते हैं। डा. चौहान ने बताया कि उनका फ्लैट दूसरी मंजिल पर है। बृहस्पतिवार रात करीब 9.30 बजे किसी ने उनके फ्लैट की घंटी बजाई।
उन्होंने नीचे झांक कर देखा तो दो युवक खड़े थे। उसमें से एक ने उन्हें नीचे बुलाया तो वे आ गए। युवक जाना पहचाना लग रहा था। उस युवक ने अपने साथ खड़े दूसरे युवक की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये उनका रिश्तेदार है और इनकी गाय की तबियत खराब है। वे उसे देखने के लिए अनखीर गांव तक चल लें। पहले तो डा. चौहान ने मना किया, मगर काफी कहने पर वे उनके साथ चल पड़े।
डा. चौहान ने बताया कि जब वे लोग अनखीर गांव के पास पहुंचे तो कार में दो और युवक भी सवार हो गए। उसके बाद चारों कार लेकर सूरजकुंड रोड पर चल दिए।
उन्होंने उस तरफ जाने का विरोध किया तो उनमें से एक ने उनकी कमर में तमंचा लगा कर चुप बैठे रहने को कहा। वहां से थोड़ा आगे चलकर बदमाशों ने कच्चे में गाड़ी उतार ली और जंगल में थोड़ा अंदर जाकर रोक दी। उन्होंने उन पर तमंचा तानते हुए कहा कि उन्हें एक करोड़ रुपये दे नहीं तो गोली मार देंगे। बदमाशों ने उन्हें कहा कि वे अपने बेटे को फोन कर रुपये मंगवाए।
डाक्टर अपना फोन घर पर ही छोड़ गए थे। उन्होंने कहा कि उनके पास एक करोड़ तो नहीं है। वह अपने एक सहायक को फोन करते हैं, उनके घर में जितने भी रुपये रखे होंगे, वे ला देगा। डा. चौहान ने फोन करने के लिए बदमाशों से फोन मांगा तो उन्होंने फोन नहीं दिया।
इस पर चारों ने विचार विमर्श किया और तमंचे के बल पर उन्हें वापस उनके घर लेकर आए। बदमाशों ने उन्हें चुप रहने की हिदायत दी और शोर मचाने पर गोली मारने की बात कही। बदमाश उनके साथ उनके फ्लैट में गए और अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद उन्होंने पूरा घर खंगाला, मगर कुछ नहीं मिला। इस पर बदमाशों ने उनका मोबाइल ले लिया।
जाते समय बदमाश उनका मोबाइल गेट के पास छोड़ गए। बदमाशों के डर से डा. चौहान ने इस घटना के बारे में किसी से जिक्र नहीं किया। शुक्रवार रात को उन्होंने अपने बेटे को फोन कर सारी बात बताई तो उनका बेटा वहां पहुंचा और फिर पुलिस को फोन किया। डा. चौहान ने बताया कि शनिवार को उन्होंने सैनिक कॉलोनी चौकी में घटना की शिकायत दी है। सैनिक कॉलोनी चौकी प्रभारी एसआई विष्णुमित्र ने बताया कि डाक्टर की शिकायत पर अपहरण, जान से मारने की धमकी और जबरन धन का मामला दर्ज कर लिया है।