संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया ने जून जुलाई में इंग्लैंड में आयोजित होने वाली सात टी-20 मैचों की शृंखला के लिए भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। यह जानकारी सेक्टर-3 निवासी व एसोसिएशन के महासचिव रवि चौहान ने दी।
इस सीरीज का पहला मुकाबला 21 जून को इंग्लैंड के टानटन ग्राउंड में खेला जाएगा, जबकि अंतिम मैच 3 जुलाई को ब्रिस्टल में आयोजित किया जाएगा। टीम की कमान महाराष्ट्र के खिलाड़ी रविंद्र गोपीनाथ साने को सौंपी गई है। महासचिव ने बताया कि इस बार का टूर्नामेंट ऐतिहासिक रहेगा क्योंकि पहली बार दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेलने का अवसर मिलेगा। इस बार बीसीसीआई के दिशा-निर्देशों के तहत टीम में अलग-अलग वर्गों के दिव्यांग खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। हरियाणा के करनाल जिले से तरुण को टीम में स्थान मिला है।
भारतीय टीम में चयनित खिलाड़ी
रविंद्र गोपीनाथ साने, वीरेंद्र सिंह, राधिका प्रसाद, राजेश इरप्पा, योगेंद्र सिंह, नरेंद्र मंगोरे, विक्रांत रविंद्र केनी, साई आकाश, उमर अशरफ, संजू वर्मा, अभिषेक सिंह, विवेक कुमार, विकास गणेशकुमार, प्रवीण नैलवाल, ऋषभ जैन और तरुण।