संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कविता ने एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीजों के लिए संचालित रसोई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए तैयार किए जाने वाले भोजन की व्यवस्था और रसोई में गैस सिलिंडरों की उपलब्धता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान रसोई में गैस सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई। इसके बावजूद भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अतिरिक्त पांच गैस सिलिंडर भी उपलब्ध करवाए गए।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कविता ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को समय पर भोजन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रसोई की व्यवस्था और गैस आपूर्ति की स्थिति का निरीक्षण किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि रसोई में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे मरीजों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन मिल सके।