केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने सेक्टर-28 में प्रदर्शनी का किया अवलोकन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जन्माष्टमी के अवसर पर सनातन संस्था की ओर से सेक्टर-28 स्थित श्री शिवशक्ति मंदिर और एनआईटी-5 स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में आध्यात्मिक एवं धार्मिक ग्रंथों की प्रदर्शनी लगाई गई। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रदर्शनी में पहुंचकर विभिन्न धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों से संबंधित साहित्य की जानकारी ली। करीब 150 श्रद्धालुओं ने प्रदर्शनी में सहभागिता की।
प्रदर्शनी में सनातन धर्म, साधना, नामजप, धर्माचरण, सात्त्विक जीवनशैली और आध्यात्मिक उन्नति से संबंधित ग्रंथ प्रदर्शित किए गए। संस्था के साधकों ने श्रद्धालुओं को साधना के महत्व, कुलदेवता के नामजप और धर्माचरण के बारे में जानकारी दी। श्रद्धालुओं ने भी आध्यात्मिक साहित्य में विशेष रुचि दिखाई। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने सेक्टर-28 स्थित श्री शिवशक्ति मंदिर पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शित धार्मिक साहित्य के बारे में जानकारी ली और संस्था के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने आध्यात्मिक एवं धार्मिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य सनातन धर्म, साधना और धर्माचरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा आध्यात्मिक ज्ञान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना था। जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों के अनुरूप सात्त्विक जीवन जीने की प्रेरणा भी दी गई।