फरीदाबाद। रेलवे ने शुक्रवार को इंद्रा नगर स्थित रेल की पटरी के सहारे बने सात सौ अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान चलाया। विभाग ने आरपीएफ और जीआरपी के सहयोग से न्यू टाउन व मुजेसर रेलवे फाटक के बीच घर और झुग्गियां बनाई गई थीं।
लोगों ने रेल विभाग की जमीन पर कब्जा कर काफी समय से कच्चे व पक्के मकान बना रखे थे। विभाग ने करीब साढ़े सात हजार स्क्वेयर फीट इलाके से कब्जा हटाया है। पानी निकासी में आ रही अड़चन के चलते यह जगह साफ कराई गई है। रेल विभाग यहां पानी निकासी के लिए विकास कार्य करेगा। लोगों ने यहां करीब 700 मकान बना रखे थे। एक महीने पहले लोगों को तोड़फोड़ का नोटिस भेज दिया गया था। इसके बावजूद लोगों ने मकान खाली नहीं किए।
तोड़फोड़ के लिए रेलवे ने एक टीम तैयार की। विभाग की तरफ से आईओडब्ल्यू एके गुप्ता, टीआई कुमार घनश्याम, न्यू टाउन रेलवे स्टेशन मास्टर संजय राघव के अलावा तुगलकाबाद से भी अधिकारी व कर्मचारी इस दौरान मौजूद रहे। लोगों के विरोध से निपटने के लिए जीआरपी एसीपी शाकिर हुसैन के नेतृत्व में 145 जीआरपी जवान लगाए गए थे। इनके अलावा 45 जवान आरपीएफ के भी तैनात रहे। छह जेसीबी मशीन ने सुबह 10 बजे तोड़फोड़ शुरू की थी। शाम करीब साढ़े चार बजे तक करीब 700 मकान ढहा दिए। इस दौरान कोई उपद्रव या विरोध देखने को नहीं मिला।
भाजपा ने गरीबों को उजाड़ने का काम किया है : बलजीत कौशिक
फरीदाबाद। वार्ड-13 के अंतर्गत आने वाले इंद्रा नगर में रेलवे प्रशासन द्वारा सैकड़ों झुग्गी झोपड़ियों को तोड़ दिया गया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बलजीत कौशिक ने मौके पर पहुंचकर इस तोड़फोड़ का विरोध जताया। कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्लम कॉलोनी में रहने वाले गरीबों को उजाड़ने का काम किया है। खोरी गांव से लाखों लोगों को उजाड़ा गया था। मौके पर रंधावा फागना, सोनू वत्स, प्रीतम प्रधान, चंद्रपाल, जाकिर खान, शौकत अली, मदन प्रधान, चंदन, मालवती, लाडो देवी व लक्ष्मी सहित अनेक मौजूद थे।