एसीपी सराय देवेंद्र यादव ने बताया कि किसी राहगीर ने डायल 112 पर फोन करके सूचना दी कि बाईपास रोड पर एक सूटकेस से दुर्गंध आ रही है। सूचना पाकर एसीपी क्राइम सुरेंद्र श्योराण, सेक्टर 31 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र खत्री, क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 प्रभारी इंस्पेक्टर सेठी मलिक, क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश व सेक्टर 28 चौकी प्रभारी एसआई हर्षवर्धन मौके पर पंहुचे। जांच के लिए डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया।
शुरुआती जांच में सामने आया कि एक हल्के बैंगनी रंग के सूटकेस में दो-तीन दिन पुराना शव पड़ा हुआ था। मृतक के कान के पास चोट के निशान हैं। हत्या के बाद शव को प्लास्टिक की रस्सी से बांधने के बाद पॉलीथिन में पैक करके सूटकेस में बंद किया गया था। मौके पर डीसीपी सेंट्रल पूजा वशिष्ठ पहुंचीं और मुआयना करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। मृतक की पहचान के लिए शव को दो दिन तक रखा जाएगा। सभी थानों की पुलिस को अपने इलाके के गुमशुदा लोगों की लिस्ट चेक करने को कहा गया है। साथ ही दिल्ली पुलिस को भी सूचित किया गया है।
पहले सूटकेस में मिले शव की अभी तक पहचान नहीं
सूटकेस में शव मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले नवंबर-2022 में अरावली में एक सूटकेस में युवक के कंकाल के अवशेष बरामद हुए थे। केस में अभी तक पुलिस कोई भी कड़ी नहीं मिल पाई है। शव पाली सूरजकुंड रोड पर सूटकेस में बंद था। अंदर कुछ कपड़े भी थे। पांच महीने बाद भी शव की पहचान कर नहीं हो पाई है। मामले में गाजियाबाद पुलिस भी जांच कर रही है। सूरजकुंड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलराज का कहना है कि शव के डीएनए का सैंपल लेने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया था। मामले की जांच जारी है।