क्राइम ब्रांच ऊंचागांव ने बाइक चोरी के आरोप में पकड़े गए सद्दीक और अंसार निवासी गांव हतिया, मथुरा (यूपी) की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। सद्दीक ने बल्लभगढ़ में महिला की चेन झपटना कुबूल किया। पुलिस ने चेन भी बरामद की है।
पुलिस अभी सद्दीक के तीन साथियों की खोज में जुटी है। क्राइम ब्रांच ऊंचागांव के एएसआई जलालुद्दीन को मुखबिर ने सूचना दी थी कि दो बदमाश बाइक चोरी की नीयत से बल्लभगढ़ क्षेत्र में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस ने सद्दीक और अंसार को पकड़ा।
दोनों के पास से बाइक का लॉक तोडने वाली मास्टर चाबी बरामद हुई। पूछताछ ने दोनों ने बताया कि रात में बस से सवार होकर मथुरा से फरीदाबाद आते हैं और यहां रेकी कर घरों के बाहर या असुरक्षित ढंग से खड़ी बाइक चोरी करते हैं। चोरी की बाइक से ही वापस गांव लौटते हैं।
असुरक्षित बाइक होती हैं चोरी
चोरों से बरामद मास्टर-की दिखाते डीसीपी
- फोटो : अमर उजाला
यह बाइक यूपी में पांच से सात हजार रुपये में बिक जाती हैं। न्यायालय से रिमांड पर लेने के बाद दोनों से पूछताछ कर नोएडा सहित एनसीआर से चुराई गई आठ बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। डीसीपी सेंट्रल वीरेंद्र विज ने बताया कि वाहन चोरों को पकड़ने वाले एएसआई और हेडकांस्टेबल को प्रशस्तिपत्र और नगद इनाम दिया जाएगा।
असुरक्षित बाइक होती हैं चोरी
डीसीपी सेंट्रल वीरेंद्र विज ने बताया कि अधिकतर वही बाइक चोरी हुईं जो पार्किंग में नहीं खड़ी थीं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बाइक सुरक्षित जगह पर ही खड़ी करें, बाइक के लॉक के अलावा रिम लॉक लगाएं या फिर सिक्योरिटी चेन का इस्तेमाल करें। चोर हैंडल लॉक आसानी से तोड़ लेते हैं लेकिन जिन बाइक में दूसरा लॉक भी होता है उसे नहीं चोरी करते।