छुट्टी के दिन रविवार को दोस्तों के साथ झील में नहाने गए कबड्डी खिलाड़ी करण की डूबने से मौत हो गई। तलाश में लगे नौसेना के गोताखारों ने 29 घंटों के बाद सोमवार दोपहर बाद करण के शव को खोज निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बल्लभगढ़ की भूदत्त कॉलोनी में रहने वाले मृतक करण के पिता राम प्रकाश ने बताया कि करण ने 12वीं की परीक्षा दी थी और कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी था।
करण मेवला महाराजपुर में कबड्डी की प्रेक्टिस करता था। रविवार को वह प्रेक्टिस करने की बात कहकर घर से निकला था। वहां से वह दोस्त राहुल के साथ अनंगपुर चौक चला गया।
करण ने झील में नहाने के लिए छलांग लगा दी
युवक की तलाश करते गोताखोर
- फोटो : अमर उजाला
यहां चार-पांच दोस्त एकत्रित हुए और सबने मानव रचना यूनिवर्सिटी के पास स्थित झील पर पिकनिक मनाने का प्रोग्राम बनाया। यहां करण ने झील में नहाने के लिए छलांग लगा दी।
तैरना न आने की वजह से वह दोस्तों के सामने ही डूब गया। मौके पर मौजूद राहुल ने घटना की जानकारी करण के परिजनों और पुलिस को दी। दमकल के गोताखोरों ने देर शाम तक करण को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सोमवार सुबह नौसेना की टीम झील पहुंची। दोपहर बाद करीब पौने चार बजे टीम ने करण के शव को को खोज निकाला। मृतक के भाई विकास ने बताया कि करण ने कबड्डी में दो मेडल जीते थे।