टेस्ट ड्राइव लेने के बहाने कार लूट ले गया बदमाश
फरीदाबाद। टेस्ट ड्राइव लेने के बहाने चालक के साथ गए एक युवक ने पहले उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया और फिर पिस्तौल दिखाकर उसे बाईपास रोड पर कैली गांव के पास फेंक कार लूट कर ले गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को बेहोशी की हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। थाना सेंट्रल पुलिस मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
सेक्अर-14 में भारत भूषण का कारों की खरीद-फरोख्त का काम है। बृहस्पतिवार दोपहर को उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने उन्हें कहा कि वह पलवल से आ रहा है और उसे एक कार खरीदनी है। भारत भूषण ने उसे बुलवा लिया। थोड़ी देर बाद उस व्यक्ति ने दोबारा फोन करके कहा कि वह सेक्टर-12 में है और कार को यहीं भिजवा दे। इस पर भारत भूषण ने अपने चालक चंदन को एक कार लेकर भेज दिया। चंदन ने उस व्यक्ति को कार में बैठाया और वह टेस्ट ड्राइव के लिए निकल गए। चंदन के अनुसार रास्ते में उस युवक ने उसे एक कोल्ड ड्रिंक पिलाई। बाईपास रोड पर कैली गांव के पास उसकी तबियत बिगड़ने लगी। इस पर उस युवक ने उसे पिस्तौल दिखाकर कार से नीचे धक्का दे दिया और कार लूट कर फरार हो गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सीकरी चौकी पुलिस ने चंदन को बेहोशी की हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। थाना सेंट्रल पुलिस कार लूट का मामला दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी है।