सूदखोर से परेशान ट्रांसपोर्टर ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दी
फरीदाबाद। सूदखोर की प्रताड़ना से परेशान होकर ट्रांसपोर्टर सतीश कुमार शर्मा ने शुक्रवार शाम ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। राजकीय रेलवे पुलिस को सतीश के कपड़ों से सुसाइड नोट मिला है, इसमें उसने सूदखोर बिजेंद्र और संजय से परेशान होकर खुदकुशी करने को मजबूर होना लिखा है। जीआरपी ने मृतक के भाई सोनू की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले जांच शुरू कर दी है।
जीआरपी के एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि उन्हें शुक्रवार शाम जानकारी मिली कि नीलम फ्लाईओवर के पास एक युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी है। मौके पर पहुंच कर शव के कपड़ों की तलाशी ली गई। पैंट की जेब से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और सुसाइड नोट मिला। आधार कार्ड से मृतक की पहचान सतीश कुमार शर्मा निवासी डबुआ कॉलोनी के रूप में हुई। सुसाइड नोट में सतीश कुमार ने आत्महत्या के लिए बिजेंद्र और संजय नाम के व्यक्ति को दोषी ठहराया। सूचना पर मौके पर पहुंचे मृतक के भाई सोनू ने बताया कि सतीश ट्रांसपोर्ट कारोबारी थे। उन्होंने करीब आठ माह पहले बिजेंद्र से तीन लाख रुपये कर्ज लिए थे। इनमें से डेढ़ लाख रुपये जनवरी माह में बिजेंद्र को लौटा भी दिए थे। आरोप है कि डेढ़ लाख रुपये लेने के बाद भी बिजेंद्र ने सतीश से सूद जोड़कर 11 लाख रुपयों की मांग कर उन्हें प्रताड़ित कर रहा था।
सतीश शर्मा ने दोस्त संजय सतीजा को भी अपनी गारंटी पर बिजेंद्र से दो लाख रुपये कर्ज दिलवाया था। सोनू का आरोप है कि संजय सतीजा धन नहीं लौटा रहा था। बिजेंद्र इसके लिए भी सतीश को ही परेशान कर रहा था। सोनू ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे सतीश स्कूटी लेकर बिना किसी को कुछ बताए घर से निकले थे। जीआरपी ने नीलम फ्लाईओवर के निकट एक कार शोरूम के सामने सतीश की स्कूटी खड़ी बरामद की। माना जा रहा है कि घर से आकर सतीश ने स्कूटी वहां खड़ी की और रेलवे ट्रैक तक पैदल गए। एसआई ओम प्रकाश ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सुसाइड नोट और सोनू की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।