नीमका जेल में मिले पांच मोबाइल फोन व तीन सिम कार्ड
बल्लभगढ़। गांव नीमका स्थित जिला जेल में रविवार को जिला पुलिस की क्राइम ब्रांच टीमों ने जेल प्रशासन के साथ मिलकर खोजबीन (सर्च) अभियान चलाया। सुबह सात बजे शुरू हुई कार्रवाई पांच घंटे तक चली। इस दौरान पुलिस टीमों ने पांच मोबाइल फोन व तीन सिम कार्ड बरामद किए। इस मामले में आरोपी बंदियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जेल प्रशासन ने थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत दे दी है।
जेल अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि सर्च अभियान का नेतृत्व एसीपी क्राइम यशपाल खटाना कर रहे थे। इस दौरान जिले की क्राइम ब्रांच की टीमों के अलावा जेल कर्मचारी भी मौजूद थे। रविवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस टीमों ने जेल की बैरकों मे जाकर तलाशी शुरू कर दी, जो दोपहर करीब 12 बजे तक चली। इस दौरान बंदियों के प्रत्येक बैरकों सहित जिला जेल के कोने-कोने की तलाशी ली गई। दीपक शर्मा ने बताया कि इस अभियान में बंदियों से पांच मोबाइल फोन व तीन सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस टीमों ने उनको कब्जे में ले लिया। जिला जेल अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि जिन बंदियों से मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद किया है, उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत दे दी गई है।