प्रोफेसर ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की
अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़। बल्लभगढ़ व असावटी रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान सेक्टर-तीन निवासी जितेंद्र कुमार पाठक (45) के रूप में हुई है, जोकि एक निजी इंस्टीट्यूट में प्रोफेसर थे। पुलिस के अनुसार नौकरी छूट जाने की वजह से वह मानसिक रूप से परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है।
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र कुमार पाठक की करीब तीन माह पहले नौकरी छूट गई थी। इस दौरान उन्होंने कई जगह नौकरी की तलाश की, मगर बात नहीं बनी। वह काफी परेशान रहने लगे थे। शाम करीब चार बजे अपने घर से निकल गए, जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उन्हें तलाशना शुरू कर दिया। उधर, जीआरपी को सूचना मिली कि बल्लभगढ़ व असावटी रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बल्लभगढ़ जीआरपी चौकी पहुंची। पुलिस शव की पहचान करवाने का प्रयास कर ही रही थी कि जितेंद्र पाठक के परिजन वहां पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस से किसी व्यक्ति के मिलने के बारे में पूछा। पुलिस ने शव परिजनों को दिखाया, जिसकी पहचान उन्होंने जितेंद्र कुमार पाठक के रूप में की। जीआरपी बल्लभगढ़ चौकी प्रभारी सूरतपाल ने बताया कि मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला, लेकिन जितेंद्र कुमार के बेटे मंथन ने बताया कि उसके पिता नौकरी छूट जाने के बाद से परेशान थे। उनका इलाज भी चल रहा था।