बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने सिकरी रोड स्थित मिलन रेस्तरां में छापा मारा। इस दौरान टीम ने यहां चोरी से बिजली जलाते हुए पकड़ा है। बिजली चोरी के आरोप में रेस्तरां संचालक पर करीब तीन लाख रुपये का जुर्माना ठोंका है। जानकारी के अनुसार संचालक ने देर शाम तक जुर्माना राशि का पैसा विभाग में जमा कर दिया। यह रेस्तरां बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा का है। हालांकि उन्होंने इसे दिल्ली के एक व्यक्ति को दस साल के लिए लीज पर दे रखा है।
विजिलेंस टीम को कई दिनों से सिकरी स्थित मिलन रेस्तरां में चोरी से बिजली जलाने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर डीएसपी जितेश मल्होत्रा के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई। टीम को मौके पर पहुंच छापेमारी के आदेश दिए। डीएसपी जितेश मल्होत्रा ने बताया कि रेस्टोरेंट संचालक पास में लगे ट्रांसफार्मर से डायरेक्ट लाइन जोड़कर बिजली चोरी कर रहा था। टीम ने मौके पर कनेक्शन काट दिया। आरोपी पर 3.17 लाख रुपये का जुर्माना ठोंका गया।
रेस्तरां को उन्होंने दिल्ली की एक पार्टी को दस साल के लिए लीज पर दे रखा है। अगर वहां कोई चोरी से बिजली जलाता है तो जिम्मेवारी लीज मालिक की है। बिजली निगम की लीज मालिक पर कोई भी कार्रवाई कर सकता है - मूलचंद शर्मा विधायक