बैंक अधिकारी बन तीन लोगों के खातों से ठगे लाखों रुपये
बल्लभगढ़। साइबर ठगों ने अलग-अलग तीन मामलों में बैंक अधिकारी बन तीन लोगों के खातों से लाखों रुपये निकाल लिए। वहीं एक अन्य मामले में टॉवर लगाने का झांसा देकर एक महिला से 60 हजार रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने सभी मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नवादा निवासी जोगिंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 सितंबर 2018 को उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंककर्मी बताकर उनके एटीएम कार्ड की जानकारी ली। उन्होंने कार्ड की जानकारी दे दी। इसके बाद उनके खाते से एक लाख रुपये से अधिक निकल गए। दूसरी घटना में गांव साहूपुरा निवासी राज कुमार से उनके बैंक खाते के बारे में जानकारी ले ली। उसके बाद उनके खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए। एक अन्य मामले में साइबर ठग ने जाजरू गांव निवासी अनिल के बैंक खाते से 39 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने तीनों मामले दर्ज की जांच शुरू कर दी है।
वहीं टावर लगाने के नाम पर सीकरी गांव निवासी शीला देवी से 60 हजार रुपये ठग लिए गए। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह मामला मुंबई निवासी आदित्य अग्रवाल, राजेश सिंह, प्रतिभा पटेल, पवन कुमार, बीके गुप्ता, अमन वर्मा, मनोज कुमार और कुनाल मेहता के खिलाफ दर्ज किया है।