मामूली कहासुनी में युवक की ईंट मारकर हत्या, एक घायल
- शराब पी रहे युवक ने किया था हमला, एक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत सूर्या विहार में मामूली विवाद में हुई कहासुनी के दौरान शराब के नशे में दो युवकों ने एक युवक की ईंट मारकर हत्या कर दी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश कर रही है।
सूर्य विहार पार्ट-2 में सूरज बिल्डिंग मैटेरियल के पास पंकज और कमल उर्फ उज्जवल नाम के दो युवक शराब पी रहे थे। इसी बीच सूर्या विहार पार्ट दो निवासी विवेक और उसका दोस्त कुलदीप दिल्ली से ड्यूटी करके वापस लौट रहे थे। विवेक दिल्ली के एक क्लब में नौकरी करता था। पल्ला थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पंकज और कमल ने वहां से गुजर रहे कुलदीप को कुछ बोल दिया था। कुलदीप ने विरोध किया तो पंकज और कमल ने उन दोनों पर ईंट बरसानी शुरू कर दी। ईंट लगने से विवेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। कुलदीप का घर समीप में ही था। जानकारी मिलने पर वे भी मौके पर पहुंच गए और उसे नजदीक के ही एक अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने विवेक के पिता की शिकायत पर पंकज और कमल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी कमल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पंकज फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।