शादी समारोह से शगुन के लिफाफों से भरा बैग चोरी
फरीदाबाद। सूरजकुंड रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में शादी समारोह के दौरान शगुन के लिफाफों से भरा बैग चोरी हो गया। बैग में करीब 6 लाख रुपये के अलावा जेवर रखे थे। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सूरजकुंड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मैरिज गार्डन में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण चोरों का कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शादी समारोह में मौजूद कैमरामैन से वीडियो रिकार्डिंग मांगी है।
सेक्टर-16 निवासी उद्योगपति राजेश महेंद्रू के बेटे राहुल की रविवार को शादी थी। सूरजकुंड रोड स्थित जन्नत वैली मैरिज गार्डन में बारात गई थी। राजेश महेंद्रू ने बताया कि शादी समारोह में उनको मिलने वाले शगुन के लिफाफे वह एक बैग में रख रहे थे। बैग उनकी माता जी सुदेश महेंद्रू के पास रखा था, जोकि स्टेज पर ही बैठी थीं। रात करीब पौने 12 बजे परिवार की फोटो खिंचवाने के दौरान उनकी माता जी ने बैग नीचे रखा था। दो-तीन मिनट के बाद फोटो खिंचवाकर वह कुर्सी पर बैठी तो बैग गायब था। उन्होंने इसकी जानकारी उन्हें दी। उन्होंने बैग की तलाश शुरू की, मगर कुछ पता नहीं चला। राजेश महेंद्रू के अनुसार बैग में शगुन के करीब 350 लिफाफों के अलावा उनके अपने रुपये व कुछ जेवर भी रखे थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
दिल्ली पुलिस के कट्रोल रूम में लगता रहा फोन
राजेश महेंद्रू ने बताया कि दो-चार मिनट ढूंढने के बाद जब बैग तो उन्होंने 100 नंबर पर फोन लगाया, मगर फोन दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम में लगा। ऐसा तीन-चार बार हुआ। इसके बाद दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम ने उन्हें फरीदाबाद कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर दिया, जिसके बाद फरीदाबाद पुलिस को सूचना दी गई।
वेटर की ड्रेस में थे आरोपी
महेंद्र के अनुसार जिस पर स्टेज पर फोटो खींच रहे थे, वहां तीन-चार युवक वेटर की ड्रेस में खड़े थे। मगर इस घटना के बाद वे गायब हो गए। पुलिस के आने के बाद वेटरों की पहचान करवाई गई तो स्टेज पर मौजूद वेटर वहां नहीं थे। ऐसे में आशंका है कि गिरोह के बदमाश वेटर की ड्रेस में आकर वारदात कर गए हैं। जब मैरिज लॉन के प्रबंधकों से हमने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाने के लिए कहा तो पता चला कि लॉन में कैमरे ही नहीं लगे हैं। ऐसे में अब पुलिस ने शादी में मौजूद फोटोग्राफर से वीडियो रिकार्डिंग मांगी है।