झगड़े में घायल राजमिस्त्री की मौत, हत्या का मामला दर्ज
बल्लभगढ़। तिगांव लेबर चौक पर गत 30 जून को हुए झगड़े में घायल राजमिस्त्री ने रविवार को उपचार के दौरान सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दर्ज झगड़े के मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी है।
गांव कमई जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश निवासी चेतराम यहां अपने भाई ज्ञानी के साथ तिगांव में किराए पर रहता था और राजमिस्त्री का काम करता था। गत 30 जून को चेतराम अपने साथी दीपक के साथ काम के लिए तिगांव लेबर चौक पर खड़ा था। इस दौरान वहां खड़े तीन युवकों ने चेतराम के साथ गाली गलौच करना शुरू कर दिया। आरोप है कि तीनों नशे में थे। चेतराम ने जब विरोध किया तो तीनों ने उन पर हमला कर दिया। घटना में चेतराम बुरी तरह घायल हो गया था। उसे घायल अवस्था में पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में उसे सफदरजंग अस्पताल दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। रविवार को उपचार के दौरान चेतराम की मौत हो गई। पुलिस ने चेतराम के भाई ज्ञानी की शिकायत पर तिगांव निवासी लोकेश, मन्नू, व नैनपाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।