फरीदाबाद। दुकान के सामने खड़ी बाइक न हटाने पर कार सवार दबंगों ने दुकानदार से जमकर मारपीट की। पीड़ित दुकानदार ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और लूट की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
संजय कॉलोनी निवासी शैलेश कपड़ों का कारोबार करते हैं। शैलेश के मुताबिक, शनिवार सुबह वह अपनी दुकान पर बैठे थे। सामने ही उनकी बाइक खड़ी थी। उधर से कार लेकर गुजर रहे बबलू ने उनसे बाइक हटाने को कहा।
ग्राहक होने के कारण उन्होंने कुछ देर रुकने को कहा। आरोप है कि इस पर बबलू गाली देने लगा। उन्होंने विरोध किया तो बबलू कार में बैठे साथी दीपक, गजेंदर सहित दो अन्य लड़कों को लेकर उतरा और उनकी पिटाई शुरू कर दी।
आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उनकी जेब में रखे एक लाख रुपये और गले में पड़ी करीब 35 हजार रुपये कीमत की चेन छीन ली और जान से मारने की धमकियां देते हुए चले गए। मामले की जांच कर रहे सारन थाने के सब इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, उनके पकड़े जाने के बाद ही घटना की पूरी जानकारी होगी।