नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी से 70 हजार रुपये लूटे
फरीदाबाद। एनआईटी-1 मार्केेट में सोमवार दिनदहाड़े तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक किराना व्यापारी से पिस्तौल दिखाकर 70 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। बदमाश दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे व डीवीआर भी तोड़ कर साथ ले गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना कोतवाली व क्राइम ब्रांच टीमें मौके पर पहुंच गईं। पड़ोस की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में सारी वारदात कैद हुई है। इसकी फुटेज से पुलिस बदमाशों की पहचान में जुटी है।
एनआईटी तीन निवासी हाकम चंद आहूजा की मार्केट नंबर एक में हरियाणा प्रोविजनल स्टोर के नाम से किराना की बड़ी दुकान है। सोमवार सुबह करीब 7.30 बजे हाकम चंद अपनी दुकान पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पड़ोस की दुकान के बाहर तीन युवक मुंह पर कपड़ा बांधे बैठे हुए हैं। उन्होंने उन पर ध्यान नहीं दिया और दुकान खोलकर सामान लगाने में जुट गए। थोड़ी देर बाद उनमें से दो युवक दुकान पर आए और कुछ सामान मांगने लगे। दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी करीब 9.30 बजे तक आते हैं। ऐसे में हाकम चंद खुद ही सामान लेने अंदर चले गए। बताया जाता है कि दोनों युवक भी उनके पीछे दुकान में पहुंच गए और उनकी कमर में पिस्तौल लगाकर चुपचाप रहने को कहा। महीने के आखिरी सोमवार को अधिकांश बाजार बंद रहता है। ऐसे में उनके आस-पड़ोस की सभी दुकानें बंद थी, जिस पर पूरी मार्केट खाली थी।
बदमाशों ने उन्हें डरा धमकाकर दुकान में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद लूट लिए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे व उसकी डीवीआर को भी बदमाश तोड़कर अपने साथ ले गए। बाहर खड़ा उनका तीसरा साथी मोटरसाइकिल स्टार्ट कर खड़ा था। दोनों उस पर सवार होकर फरार हो गए। कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भारत भूषण ने बताया कि लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को इस मामले में किसी जानकार का हाथ होने की आशंका है। पुलिस हाकम चंद आहूजा के पास काम कर चुके पुराने कर्मचारियों के बारे में भी पता लगा रही है।