10 साल की बच्ची के साथ अप्राकृतिक यौनाचार
- घटना के बाद से आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। थाना सेक्टर-55 क्षेत्र के अंतर्गत एक कॉलोनी में 10 साल की बच्ची के साथ अप्राकृतिक यौनाचार (कुकर्म) का मामला सामने आया है। एनआईटी जोन महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी 15 साल का किशोर है, मगर पुलिस का कहना है कि जब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो जाती] तब तक यह बताना मुश्किल है कि आरोपी बालिग है या नाबालिग। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एनआईटी महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुशील ने बताया कि सेक्टर-55 थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कॉलोनी में बच्ची का परिवार रहता है। पड़ोस में रहने वाला एक किशोर बच्ची को मंगलवार को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ गलत काम किया। विरोध करने पर आरोपी ने बच्ची के साथ मारपीट भी की। बच्ची ने घर आकर सारी बात बता दी। परिजनों ने इसकी शिकायत सेक्टर-55 थाना पुलिस में की। पुलिस ने पीड़ित पक्ष को महिला थाने में भेजा, जहां बच्ची का मेडिकल करवा उसकी शिकायत पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। आरोपी के नाबालिग होने के बारे में पूछे जाने पर इंस्पेक्टर सुशील ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही यह पता चल सकेगा कि वह नाबालिग है या बालिग। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।