20 हजार रिश्वत लेता क्लर्क विजिलेंस के हत्थे चढ़ा
- कन्वेंस डीड देने के लिए मांगे थे रुपये, आरोपी दलाल भी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मकान की कन्वेंस डीड देने के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे पुनर्वास विभाग के क्लर्क को विजिलेंस टीम ने दलाल सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी दलाल के मार्फत रिश्वत के पैसे ले रहा था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। विजिलेंस टीम ने बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
गांधी कॉलोनी, एनआईटी निवासी राजकुमार के मकान की कन्वेंस डीड बनी थी, जिसे देने की एवज में पुनर्वास विभाग के क्लर्क रामलखन 20 हजार रुपये की रिश्चत मांग रहा था। इसके लिए रामलखन ने अपने एक दलाल हरेराम को राजकुमार के पीछे लगा रखा था। इससे परेशान होकर राजकुमार ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग में कर दी।
मंगलवार शाम करीब 7 बजे हरेराम ने राजकुमार को रिश्वत के पैसे देने के लिए बुलाया। विजिलेंस टीम ने राजकुमार को नोटों पर साइन कर व पाउडर लगाकर रामलखन को देने के लिए दे दिए। शाम को कार्यालय बंद होने के बावजूद रामलखन वहां मौजूद था। राजकुमार ने सेक्टर-12 पहुंच कर दलाल हरेराम को 20 हजार रुपये पकड़ा दिए।
राजकुमार से रुपये लेने के बाद हरेराम क्लर्क रामलखन के पास पहुंचा और उसे रुपये पकड़ा दिए। इस दौरान हरेराम का पीछा कर रही विजिलेंस टीम ने रामलखन और दलाल हरेराम को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने दोनों के हाथ धुलवाए तो पाउडर लगे नोट पकड़ने के कारण उनके हाथ लाल हो गए। दलाल हरेराम ने विजिलेंस टीम को बताया कि उसने क्लर्क रामलखन के कहने पर वह रुपये लिए थे। कार्रवाई नायब तहसीलदार यशवंत सिंह की देखरेख में की गई।