ओएलएक्स पर सस्ती गाड़ी खरीदने के नाम पर 90 हजार ठगे
फरीदाबाद। ओएलएक्स पर सस्ती गाड़ी खरीदने का विज्ञापन देखकर बिहार से गाड़ी खरीदने आए एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर चाकू दिखा बदमाशों ने 90 हजार रुपये लूट लिए। थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्वी चम्पारण, बिहार निवासी मुकेश शर्मा ने स्कार्पियो गाड़ी लेनी थी। इसके लिए वह पुराने सामान वाली साइट ओएलएक्स पर सर्च कर रहे थे। उन्होंने फरीदाबाद में एक स्कार्पियो गाड़ी का विज्ञापन देखा तो उसमें दिए फोन नंबर पर संपर्क कर जानकारी ली और स्कार्पियो गाड़ी को खरीदने की इच्छा जाहिर। इस पर गाड़ी बेचने वाले शख्स ने उन्हें फरीदाबाद आने को कहा और ब्याना देने के लिए एडवांस लेकर आने को कहा। थाना ओल्ड फरीदाबाद प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि मुकेश शर्मा उनके झांसे में आ गया। वह बिहार से दिल्ली तक ट्रेन से आए और शनिवार दोपहर को दिल्ली से बस में सवार होकर फरीदाबाद पहुंचे। बदमाशों ने उन्हें सेक्टर-29 पुल पर मिलने के लिए बुलाया। जब वह वहां पहुंचे तो एक शख्स मोटरसाइकिल लेकर वहां मौजूद था।
उस व्यक्ति ने मुकेश शर्मा को अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाया और वहां से अपने साथ नहर के किनारे सुनसान जगह पर ले गया। जब मुकेश शर्मा ने सुनसान जगह पर जाने के बारे में पूछा तो उसने बताया कि आगे गांव में गाड़ी खड़ी है, वह उसे वहीं ले जाकर दिखाएगा। थोड़ा आगे जाने पर सुनसान जगह पर तीन और लोग मौजूद थे। मोटरसाइकिल सवार युवक भी वहीं रुक गया। उन लोगों ने चाकू दिखा कर जान से मारने की धमकी देते हुए मुकेश शर्मा ने 90 हजार रुपये, मोबाइल फोन व अन्य सामान लूट लिए। उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और फरार हो गए। सुनसान क्षेत्र से बाईपास रोड पर पहुंच कर पीड़ित ने स्थानीय लोगों की मदद से घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर ओल्ड फरीदाबाद थाना प्रभारी राजबीर सिंह मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच की। वे पीड़ित के साथ घटनास्थल पर भी गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकेश शर्मा की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।