नाचने से रोका तो दूल्हे के पिता पर चलाई गोली, बाल-बाल बचे
- गोली पास से निकलते हुए दीवार में जा लगी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गांव नचौली में शादी से एक दिन पहले भात की रस्म के दौरान नाच रही महिलाओं के बीच एक युवक कच्छे में नाचने लगा। जब उसे रोकने का प्रयास किया तो युवक ने वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान वहां पहुंचे युवक के भाई ने दूल्हे के पिता पर गोली चला दी। गोली उनके पास से निकलते हुए दीवार में जा लगी और वह बाल-बाल बच गए। भूपानी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों भाइयों सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव नचौली निवासी धर्मपाल के बेटे मानव की 12 नवंबर को शादी थी। उससे एक दिन पहले 11 नवंबर शाम को भात की रस्म थी। घर में खुशी का माहौल था, ढोल बज रहे थे। इस दौरान वहां कुछ महिलाएं मंगल गीत गाते हुए नाच रहीं थी। धर्मपाल के अनुसार, इस दौरान नचौली गांव निवासी मनोज वहां आ पहुंचा। उसने केवल कच्छा पहन रखा था और वह महिलाओं के साथ नाचने लगा। दूल्हे की मां सहित परिवार के अन्य लोगों ने नाचने से रोका। इस पर उसने वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान उसका भाई कल्लू व एक अन्य युवक भी वहां आ गए। तीनों ने दूल्हे के परिजनों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान कल्लू ने दूल्हे के पिता धर्मपाल को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनके पास से होते हुए दीवार में जा लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। उसके बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। थाना भूपानी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के जांच अधिकारी ईश्वर सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।