फोटो- बड़ागांव झांसी-कानपुर हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक व एक्टिवा।
ट्रक ने स्कूटर सवार को रौंदा, मौत
दूध लेकर लौटते समय झांसी-कानपुर हाईवे पर हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
बड़ागांव/ झांसी।
थाना बड़ागांव क्षेत्र में दूध लेकर घर लौटते समय स्कूटर सवार युवक को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
बड़ागांव निवासी सौरभ कनकने (27) पुत्र हरीशंकर कनकने स्कूटर यूपी 93 एआर 8684 पर सवार होकर दूध लेने हाइवे स्थित दुकान पर गया था। वह लौटकर घर जा रहा था। रास्ते में हाइवे पुल से पहले पारीछा संपर्क मार्ग की क्रासिंग तक पहुंचा ही था, तभी सामने से आ रहे ट्रक के चालक ने उसके स्कूटर में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का शोर सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक चालक अपना ट्रक छोड़कर मौके से भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरवरी में होना था विवाह
सौरभ का फरवरी में विवाह होना था। घर में शादी की तैयारियां भी शुरू होने लगी थी। जैसे ही घटना की जानकारी घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। साथ ही कस्बे में शोक की लहर भी दौड़ गई। घटना के चलते पूरे दिन बाजार बंद रहा।