ईएमयू में मर्डर : क्राइम सीन दोहराकर हत्या की गुत्थी सुलझाएगी पुलिस
दिल्ली से मथुरा जा रही ईएमयू में जुनैद के हत्या की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पाई है। अब जीआरपी ईएमयू में क्राइम सीन रि-क्रिएट कर मामले को सुलझाने का प्रयास करेगी। इसके लिए पीड़ित परिजनों को साथ लेकर पता लगाया जाएगा कि कहां से सफर हुआ और कहां-किस तरह वारदात हुई।
इस दौरान पकड़े गए आरोपी से सवाल किए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि जहां से घटनाक्रम की शुरुआत हुई है, वहीं से पूरी स्थिति से अपडेट रहकर वास्तविकता का पता किया जाएगा। देखा जाए तो अब पुलिस की जांच पैसेंजर ट्रेनों में यात्रियों से पूछताछ पर ही टिकी है। सोमवार को सादे कपड़ों में जीआरपी जवान ईएमयू ट्रेनों में निगरानी कर अपने स्तर पर यात्रियों की बातचीत के माध्यम से घटना की जड़ तक पहुंचने की कोशिश करेंगे। हालांकि मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से कोसों दूर हैं। नियमित रूप से चलने वाले यात्रियों के रविवार को अवकाश के चलते पुलिस अधिक पूछताछ नहीं कर पाई। पुलिस इस मामले में समाजसेवी एवं सक्रिय लोगों की मदद ले रही है।
कोट
पुलिस द्वारा हर संभव कोशिश की जा रही है जिससे कि मामले को जल्द से जल्द सुलझाया जा सके। अभी तक सभी आरोपी गिरफ्त में नहीं आए हैं। इस मामले में ईएमयू ट्रेन में क्राइम सीन रि-क्रिएट किया जाएगा। इससे जांच में मदद मिलेगी।
- अजय कुमार, एसएचओ, जीआरपी