पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में गो तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर तस्करों ने पथराव कर दिया। हमले के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
हसनपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि एएसआई आबीद हुसैन ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह ड्राइवर आशीष के साथ रात्रि गश्त पर थे, तभी हसनपुर की एक गली में एक पिकअप गाड़ी खड़ी दिखाई दी। पिकअप गाड़ी में चार युवक गोवंश को भर रहे थे। पुलिस को देखते ही चारों युवक तेजी से अपनी गाड़ी में सवार होकर भाग निकले।
एएसआई आबीद हुसैन ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पलवल को सूचना दी और गो तस्करों की गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। बताया गया कि भागते समय पिकअप गाड़ी पर पीछे नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। जब पुलिस की गाड़ी गो तस्करों के नजदीक पहुंची, तो तस्करों ने पुलिस की सरकारी गाड़ी पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
पथराव के कारण गो तस्करों की गाड़ी लिखी गांव के पास पुलिस की नजरों से ओझल हो गई। जानकारी के अनुसार गाड़ी में सवार चारों तस्करों ने नीले रंग के कपड़े पहने हुए थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
थाना हसनपुर पुलिस ने अज्ञात गो तस्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।