फरीदाबाद। चिरसी गांव के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक और उनकी पत्नी घायल हो गए थे। हादसा 28 अगस्त की शाम करीब पांच बजे फरीदाबाद-मंझावली रोड पर हुआ था। तिगांव थाना पुलिस ने दो सितंबर को कार के अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
प्राथमिकी में देरी का कारण यह रहा कि हादसे के बाद दोनों घायल बयान देने की स्थिति में नहीं थे और दो सितंबर को चिकित्सक ने शिक्षक को बयान देने के लिए स्वस्थ बताया था। सिकंदराबाद उत्तर प्रदेश की टीचर्स कॉलोनी निवासी विजेंद्र शर्मा (27) निजी स्कूल में नृत्य शिक्षक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 28 अगस्त को वह पत्नी लक्ष्मी शर्मा के साथ रक्षाबंधन पर भारत कॉलोनी स्थित ससुराल आए थे। शाम करीब पांच बजे दोनों बाइक से सिकंदराबाद लौट रहे थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 29 अगस्त को अस्पताल से सूचना मिली थी। दो सितंबर को चिकित्सकीय राय के बाद विजेंद्र ने बयान दिया था। संवाद