कोरोना ने नौ दिन में तोड़ा चार माह का रिकॉर्ड
फरीदाबाद (मूर्ति दलाल)। नवंबर के बीते नौ दिन में जिले में 3,379 कोरोना संक्रमित मिले हैं। यह 20 मार्च को पहला मामला मिलने के बाद अप्रैल, मई व 20 जून तक चार माह के दौरान मिले कुल 2100 मामलों से काफी अधिक है। 30 जून तक जिले में कुल 3588 मामले थे। मतलब साफ है, जिस पीक के कारण लॉकडाउन लगाया गया था। उस दौरान भी 10 दिन में 1500 के करीब ही मरीज मिल रहे थे।
अब नए मामलों की दर पहले के मुकाबले दोगुनी व तीन गुनी हो चुकी है। सोमवार को नए मामलों के सारे रिकॉर्ड टूट गए। अब तक के सर्वाधिक 570 नए मामलों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की। संक्रमण के नए मामलों को लेकर चेतावनी नहीं मानी तो हालात बुरे हो सकते हैं। इन मामलों को देखते हुए जिला उपायुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी व अन्य सहयोगी संस्था व डॉक्टर लोगों से जागरूकता की अपील कर रहे हैं।
गैर जरूरी लगने वाले कार्यक्रमों को टालने, सामाजिक दूरी बनाने व हाथों की सफाई व फेस मास्क की अनिवार्यता को अपनाने के लिए लगातार लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। हालांकि सब कुछ फेल साबित हो रहा है। इसकी पुष्टि जिले में नौ दिनों में हर दिन मामलों के नए रिकॉर्ड से हो रही है।
बढ़ते मामलों की गंभीरता दर्शाते हैं आंकड़ें
बढ़ते मामलों के साथ कई सिरे से चिंताएं बढ़ने लगी हैं। नौ दिन पहले तक 95.4 दिन में मामले दोगुने हो रहे थे अब यह दर गिरकर 85.4 दिन रह गई है। वहीं, प्रति लाख की आबादी पर 14 हजार 785 लोगों की जांच हो रही है, जबकि औसतन 13 हजार लोगों की जांच पहले भी की जा रही थी। गनीमत है कि मृत्यु दर फिलहाल 1 फीसदी ही बनी हुई है। बीते करीब तीन माह से मृत्यु दर में स्थिरता है। उपचाराधीन मामलों की दर 8.1 हो चुकी है जोकि नौ दिन पहले की 4.4 प्रतिशत की दर की दोगुनी है। वहीं, जांच पर प्रति सौ लोगों में 11 संक्रमित मिल रहे हैं। फिलहाल 2063 मामले उपचाराधीन हैं। पहले सौ लोगों की जांच में दस लोगों में संक्रमण मिल रहा था। नौ दिन पहले तक औसतन उपचाराधीन एक हजार के आस-पास थे।
--
मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सतर्कता की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग बीमारों का उपचार कर सकता है, लोगों को बीमार होने से नहीं रोक सकता। यह सावधानी लोगों को बरतनी होगी। व्यवहार में परिवर्तन कर सामाजिक दूरी, हाथों की सफाई व फेस मास्क को अपनाएं। यही बचाव के मूलभूत उपाय हैं।
- डॉ. रणदीप पुनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी