फरीदाबाद। एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के नंगला एन्क्लेव पार्ट-2 स्थित वार्ड नंबर-7 में पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घरों में गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई की जा रही है जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूषित पानी के कारण जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
विज्ञापन
निवासियों का कहना है कि गंदे पानी के कारण पीने और खाना बनाने के लिए उन्हें बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। कई घरों में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष दिक्कत हो रही है। लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेयजल लाइन में सीवर का पानी मिल रहा है या पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द जांच कराकर खराब पाइप लाइन को बदलने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। ब्यूरो