फरीदाबाद। शहर के लोकप्रिय सामुदायिक रेडियो स्टेशन रेडियो मानव रचना 107.8 एफएम ने 18 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर संस्थान ने समाज में महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक नई रेडियो कार्यक्रम शृंखला हर (हौसला, एहसास, रोशनी) की शुरुआत की है। इस शो में विशेषज्ञ महिलाओं के तनाव प्रबंधन, रिश्तों और कार्य-जीवन के संतुलन जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा करेंगे और श्रोताओं के सवालों के जवाब भी देंगे।
स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में फरीदाबाद एनआईटी जोन की डीसीपी उत्तम (आईपीएस) शामिल हुईं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की चुनौतियां अलग होती हैं, जिन्हें अक्सर सामान्य समझ लिया जाता है। यह मंच महिलाओं को मानसिक तनाव और आघात से निपटने में बड़ी मदद करेगा। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डॉ. दीपिका भल्ला ने कहा कि यह पहल संस्थापक डॉ. ओपी भल्ला के समाज सेवा के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाती है।
मानव रचना संस्थान की चीफ क्रिएटिव ऑफिसर जस्मिता ओबेरॉय ने सभी सहयोगियों का आभार जताया। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास जैसे मुद्दों पर रेडियो के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाने वाले 25 कम्युनिटी पार्टनर्स को सम्मानित किया गया। समारोह में ईको क्लब ने ग्रीन ग्रह अभियान के तहत कचरा प्रबंधन और कम्पोस्ट बनाने के तरीके भी सिखाए। संवाद