-1.40 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क, 36 लाख होंगे सीवर व्यवस्था पर खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला-तिलपत सड़क का निर्माण कार्य मंगलवार से शुरू हो गया। राज्य मंत्री राजेश नागर ने स्थानीय बुजुर्गों के हाथ से नारियल फोड़कर इस कार्य की शुरुआत कराई। परशुराम चौक से लेकर बागवाली गली तक आरसीसी सीमेंट की सड़क बनेगी, इसपर करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये खर्च होंगे। साथ ही करीब 36 लाख की लागत से सीवर की व्यवस्था भी की जाएगी। इस दौरान मंत्री नागर ने संबंधित एजेंसी को समय पर काम पूरा करने की हिदायत दी है।
राज्य मंत्री राजेश नागर ने इस अवसर पर लोगों से कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तेजी से हरियाणा आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम किसी विकास कार्य के लिए मना नहीं करते हैं। पूरे तिगांव विधानसभा में चल रहे विकास कार्य इस बात का सबूत हैं। उन्होंने मौजूद अधिकारियों से कहा कि वह समय पर सड़क और सीवर की व्यवस्था करके दें। उन्होंने कहा कि इससे हजारों लोगों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व सरपंच पुष्कर राम, पार्षद लाल मिश्रा, वासुदेव भारद्वाज, शंकर ठाकुर, अमित भारद्वाज, शीशराम अवाना, भूपेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।